- आरोपियों के पास से हथौड़ा व कार मिली
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। रेलवे रोड थाना पुलिस ने मारपीट और कार से टक्कर मारकर हमला करने के मामले में वांछित चल रहे तीन आरोपियों टीबीआई लाइन लालकुर्ती निवासी आदित्य सिंह, नोएडा निवासी अंश चौहान उर्फ अंशु व मेडिकल निवासी युगम मलिक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त कार और हथौड़ा बरामद हुआ।
मोहल्ला महताब निवासी आरिस ने रेलवे थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया था कि वह ठेला संचालक है। 23 जून को वह रात के समय अपने साथी के साथ ठेला लेकर वापस घर जा रहे थे। इसी बीच दिल्ली की ओर से तीनों आरोपी कार में सवार होकर आए थे। आरोपियों ने उनके ठेले में टक्कर मार दी थी। विरोध करने पर आरोपियों ने पीड़ितों पर हथौड़े से हमला कर दिया था। हमले में पीड़ित सिर में चोट लगने से घायल हो गए थे। आरोपियों ने सड़क पर जमकर उत्पात मचाया था। हमला करने के बाद आरोपी मौके से भाग गए थे। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में लग गई थी। शुक्रवार को पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि आरोपियों पर पूर्व में भी कई थानों में प्राथमिकी दर्ज है।