गंगानगर से भागने के बाद पंजाब के बदमाशों ने मकान किराये पर दिलाने वाले युवक को धमकी दी। बदमाशों का कहना है कि उसी ने पुलिस की मुखबीरी की। बदमाशों ने ये धमकी व्हाट्सएप कॉल से दी ताकि पुलिस उनको ट्रेस न सके। युवक की शिकायत पर गंगानगर थाने में आरोपियों पर एक ओर मुकदमा पंजीकृत हो गया है। युवक की सुरक्षा में दो पुलिसकर्मी भी लगा दिये गये हैं।
अमरबीर सिंह ने मीनाक्षीपुरम निवासी रोहित को बृहस्पतिवार दोपहर तीन बजे व्हाट्सएप पर कॉल कर धमकी दी। पुलिस के मुताबिक अमरबीर ने कहा है कि तेरी वजह से हमारा सारा प्लान चौपट हो गया है। अब वह उसको नहीं छोड़ेंगे। इतना सुनते ही रोहित ने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस का कहना कि रोहित की शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है। काल की जांच सर्विलांस के जरिये कराई जा रही है।
बदमाशों की गिरफ्तारी की चर्चा
पंजाब के बदमाशों की गिरफ्तारी की चर्चा भी है। बताया जा रहा है कि बागपत के डोला गांव में बृहस्पतिवार दोपहर को गाड़ी में भागते बदमाशों को सादी वर्दी में पुलिस वालों ने पकड़ा था। गुपचुप तरीके से उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं कर रहे हैं। एसओ गंगानगर दिनेश चंद ने बताया है कि मकान मालिक विवेक शर्मा, हरजीत सिंह, अमरबीर, हरजोत सिंह समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत हुआ। पुलिस ने हरजीत के भाई समेत दर्जनों लोगों को हिरासत में लिया हुआ है। फिलहाल पुलिस पूछताछ कर रही है।