करन कौशिक की हत्या के चश्मदीद गवाह के घर भेजी धमकी भरी चिट्ठी
मेरठ। वर्ष 2013 में हुई करन कौशिक की हत्या में चश्मदीद गवाहों को धमकी दी जा रही है। गवाहों को धमकी भरे पत्र भेजकर डराया जा रहा है, ताकि वह कोर्ट में आरोपियों के खिलाफ गवाही न दें। इस संबंध में करन के पिता और चाचा ने पुलिस अधिकारियों से शिकायत की है।
सिविल लाइन क्षेत्र के सुभाषनगर निवासी राकेश कौशिक के इकलौते बेटे करन कौशिक (13) की 11 सितंबर 2013 को हत्या कर दी थी। जिसमें तीन आरोपी सलमान लंगड़ा, ताज मोहम्मद और सुहेल जेल गए थे। यह वारदात मुजफ्फरनगर दंगे के दौरान मेरठ में हुई। जिसमें शहर का माहौल खराब होने से बचा था। आरोपियों ने हत्या कर करन के शव को कब्रिस्तान में दबाया था। इस वारदात में पुलिस ने भी काफी सुबूत जुटाकर चार्जशीट लगाई थी। आरोपी सलमान लंगड़ा अभी जेल में बंद है।
वारदात के चश्मदीद गवाह करन के पिता राकेश कौशिक, चाचा अशोक कौशिक, डॉ. मनीष शर्मा, मुकेश गुप्ता, प्रदीप गुप्ता व पुनीत रस्तौगी है। पिता और चाचा की गवाही हो चुकी है। बुधवार सुबह चश्मदीद गवाह डॉ. मनीष शर्मा के घर सुभाषनगर में एक धमकी भरी चिट्ठी मिली। जिसमें हत्या के मामले में गवाही न देने की बात कही गई है। इसकी जानकारी लगने पर करन के परिजनों में आक्रोश है, उन्होंने पुलिस अधिकारियों से इसकी शिकायत की और जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।