एक दर्जन हथियारबंद युवक ताबड़तोड़ फायरिंग करते हुए फरार हो गए
फोटो समाचार
अमर उजाला ब्यूरो
दौराला। खेड़ी गांव में शनिवार देर सायं अपहृत युवक के परिजनों को घर में घुसकर आरोपी पक्ष के एक दर्जन युवकों ने समझौता नहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी। दहशत के चलते परिजन थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग की।
बताते चलें कि एक सप्ताह पूर्व खेड़ी गांव निवासी मोहित को उसके गांव के ही अंकित, विकास व प्रवेश सरधना गंगनहर में नहाने का बहना बनाकर अपने साथ ले गए थे। घंटों बाद तीनों आरोपियों ने मोहित के परिजनों को उसके गंगनहर में डूबने की जानकारी दी थी। परिजनों को न तो मोहित के कपडे़ मिले और न ही एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी शव गंगनहर से बरामद हुआ। अनहोनी की आशंका के चलते पीड़ित परिवार ने तीनों आरोपी युवकों के खिलाफ मोहित का अपहरण कर अनहोनी की आशंका जताते हुए दौराला थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया था। जिसमें एक आरोपी विकास ने तीन दिन पूर्व कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया था, जबकि दो आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि चार दिन बीतने के बाद भी पुलिस आरोपियों से कुछ नहीं उगलवा सकी। इससे गुस्साए सैकड़ों ग्रामीणों ने शुक्रवार को थाने का घेराव कर हंगामा कर दिया था। शनिवार की देर सायं आरोपी पक्ष के एक दर्जन हथियारबंद लोग पीड़ित परिवार के घर में घुस गए और समझौता नहीं करने पर हत्या करने की धमकी दे डाली। जिस पर पीड़ित परिवार ने शोर मचाया तो आरोपी फायरिंग करते हुए जंगल के रास्ते फरार हो गए। ताबड़तोड़ फायरिंग से ग्रामीण भी दहशत में आ गए। ग्रामीणों ने आरोपी पक्ष की घेराबंदी का प्रयास किया। परिवार के सदस्य देर रात दौराला थाने पहुंचा और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। दहशत के चलते पीड़ित परिवार ने गांव जाने से साफ इनकार कर दिया। थाने में ही रहने पर अड़ गए। आरोपियों की धमकी से पीड़ित परिवार दहशत में है। एसओ रितेश कुमार ने बताया कि मामले की जंाच की जा रही है, आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।