- पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। पिस्तौल चोरी का झूठा आरोप लगाकर हस्तिनापुर निवासी मिस्त्री की पिटाई करने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पीड़ित ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की है। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई है।
हस्तिनापुर के न्यू ब्लॉक वार्ड-14 निवासी बाबू विश्वास ने एसएसपी को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। पीड़ित के अनुसार वह पुताई का काम करता है। उसने सितंबर 2025 में मवाना के काबली गेट स्थित एक ठेकेदार के यहां काम किया था। 14 अगस्त को ठेकेदार के पुत्र ने उसे काम के बहाने बुलाया और उस पर घर से इंग्लिश रिवॉल्वर व गोली चोरी करने का आरोप लगाया। विरोध करने पर आरोपी व उसके लोगों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि घटना के संबंध में थाने में शिकायत दी गई थी, लेकिन पुलिस ने आरोपियों से सिर्फ फोन पर बात कर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। आरोपी अब भी पीड़ित को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं और झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश रच रहे हैं। पीड़ित ने एसएसपी से रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। सीओ पंकज लवानिया का कहना है कि पत्र मिलने पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।