सरूरपुर। थाना क्षेत्र के कस्बा हर्रा में करीब एक महीना पहले माजिद पुत्र जाहिद पर हुए जानलेवा हमले के मामले में आरोपी उन पर समझौते का दबाव बना रहे हैं। समझौता नहीं करने पर आरोपी पीड़ित को दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
कस्बा हर्रा निवासी साजिद ने बताया कि 9 मई को उसका भाई माजिद डेयरी पर दूध लेने जा रहा था। आरोपियों ने उस पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया था। पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया था। जहां से मेरठ रेफर कर दिया था। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। बताया कि बीते शनिवार की शाम वह मेडिकल पर दवाई लेने जा रहा था। आरोपियों ने उसे रास्ते में रोकर कर गाली गलौज की और समझौते का दबाव बनाया।
समझौता नहीं करने पर आरोपियों ने उसे दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी है। पीड़ित ने बताया कि चौकी पुलिस भी आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। इस कारण आरोपियों के हौसले बुलंद हैं। पीड़ित ने एसएसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।