मवाना। मोहल्ला तिहाई निवासी तीसरे बच्चे की भी इलाज के दौरान दिल्ली के अस्पताल में मौत हो गई। देर शाम शव गांव मवाना खुर्द पहुंचा। मृतक के दो सगे भाइयों की पहले संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो चुकी है। मृतकों की दादी ने तहरीर देकर मृतक बच्चों की मां पर जहरीला पदार्थ देने का आरोप लगाया हुआ है। दादी की तहरीर पर पुलिस ने बच्चे की मां, मामा व दूसरे पिता के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मोहल्ला तिहाई निवासी अब्दुल आहद (5) की किसी संदिग्ध वस्तु के सेवन से 6 दिसंबर को तबीयत बिगड़ी थी। जिसे इलाज के लिए मेरठ तथा बाद में दिल्ली भर्ती कराया था, जहां उसका इलाज चल रहा था। उसकी 9 दिसंबर की दोपहर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उसकी मौत हो गई थी, लेकिन पोस्टमार्टम नहीं होने के कारण शव नहीं पहुंच सका था। बुधवार को शव गांव मवाना खुर्द पहुंचा, जहां उसके शव को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
मोहल्ला तिहाई निवासी महिला का निकाह मवाना खुर्द निवासी इरशाद से हुआ था। इरशाद की 2022 में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गर्कई थी। महिला अपने पांच बच्चों को लेकर चली गई थी। इरशाद की मां ने तहरीर में बताया था कि इरशाद की पत्नी बच्चों को लेकर किसी के साथ हिमाचल में रह रही है, जहां उसने बच्चों को कोई जहरीला पदार्थ खिला दिया।
5 दिसंबर को समद (6) की मौत हो गई थी। 6 दिसंबर को ही सुवान (5) की भी हालत खराब होने पर मेरठ में भर्ती कराया गया था। जहां उसने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। अब तीसरे बच्चे अब्दुल आहद की भी मौत हो गई। जबकि दो स्वस्थ हैं। महिला के परिजनों तथा पुलिस का कहना है कि बच्चों ने जहरीले बेर खा लिए थे। इस कारण तबीयत खराब हुई थी।
पुलिस क्षेत्राधिकारी अभिषेक पटेल का कहना है कि उक्त मामले में दादी की तहरीर पर बच्चों की मां हिना, उसके भाई व दूसरे पति के खिलाफ हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है।