कोतवाली और मुल्हैड़ा चौकी क्षेत्र से चोरों ने लाखों की नकदी-जेवरात चोरी किए
सरधना। नगर और मुल्हैड़ा चौकी क्षेत्र में शुक्रवार रात चोरों ने दो जगहों पर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। नगर में चोर शादी वाले घर से 80 हजार रुपये, जेवरात और शादी का सामान चोरी कर ले गए। वहीं, मुल्हैड़ा गांव में एक बंद मकान में कुंबल कर चोरों ने करीब सवा लाख रुपये की नकदी व पांच से छह लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। पीड़ितों ने थाने में तहरीर दी है।
मोहल्ला इस्लामाबाद निवासी प्रवीण पत्नी स्वर्गीय धनीराम ने तहरीर में बताया कि दिवाली के चार दिन बाद उसकी बेटी की शादी है। शादी के लिए नकदी व जेवरात आदि सामान घर में रखा था। शुक्रवार रात चोरों ने उनकी झुग्गी झोपड़ी में रखे 80 हजार रुपये, सोने-चांदी के जेवरात व सामान चोरी कर ले गए। पुलिस ने प्रवीण की तहरीर पर घटना की जांच शुरू कर दी है।
वहीं, मुल्हैड़ा निवासी संजय कुमार जैन ने तहरीर में बताया कि शुक्रवार को वह सरधना में नए बने मकान की साफ सफाई के लिए गए थे। गांव में मकान पर ताला लगा था। पीड़ित ने बताया कि उसके मकान के बराबर में खाली प्लाट है। इसी प्लाट से होकर चोरों ने उसके मकान में कुंबल कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर मकान से 1.20 लाख रुपये और करीब छह लाख रुपये के जेवरात आदि चोरी कर ले गए। शनिवार सुबह घर पहुंचे तो घटना का पता चला। सीओ आरपी शाही ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर खुलासे के प्रयास शुरू कर दिए हैं।