मोदीपुरम - एमएसबी इंटरनेशनल स्कूल में वार्षिक उत्सव पर विजेताओं को सम्मानित करते।
दुल्हैड़ा के जंगल में ग्रामीण और पुलिस ने की थी घेराबंदी, मौके से पांच खंभों के कटे हुए मिले तार
तार और काटने वाले उपकरण बरामद किए
तीन महीनों में तार चोरी की पांच वारदात हो चुकी हैं
संवाद न्यूज एजेंसी
मोदीपुरम। पल्लवपुरम थाना क्षेत्र के गांव दुल्हैड़ा के जंगल में विद्युत पोल से तार चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। शनिवार रात भी चोरों ने बिजली के पांच खंभों के तार काट दिए। सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने चोरों को घेर लिया और पुलिस भी बुला ली। खुद को घिरता देख चोर काटे गए तार और औजार मौके पर ही छोड़कर भाग गए।
सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि शनिवार रात दुल्हैड़ा के जंगलों में चोरों के होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने ग्रामीणों और किसानों के साथ कांबिंग की, लेकिन चोर खुद को घिरता देख अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस ने मौके से तार, तार काटने के औजार आदि बरामद किए हैं। किसानों का कहना है कि पिछले तीन महीनों में क्षेत्र में तार चोरी की पांच वारदात हो चुकी हैं। बार-बार हो रही घटनाओं से किसानों में रोष है।
किसानों का कहना है कि खेतों में सिंचाई के लिए बिजली की लाइनें जरूरी हैं, लेकिन लगातार तार कटने से बिजली आपूर्ति प्रभावित हो रही है। गर्मी बढ़ने के साथ ही खेतों में सिंचाई की आवश्यकता भी बढ़ रही है। ऐसे में बिजली लाइनों को नुकसान पहुंचने से किसानों के सामने सिंचाई का संकट गहराने लगा है। किसानों ने पुलिस से क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने और तार चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।