संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई गुट के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. उमेश चंद्र त्यागी ने कहा कि सहायता प्राप्त माध्यमिक स्कूलों के शिक्षकों की ऑफलाइन स्थानांतरण की पत्रावलियों का स्थानांतरण नहीं होने पर 30 अगस्त को बड़ा धरना-प्रदर्शन होगा। अब शिक्षक अपनी मांगों को लेकर आर-पार लड़ाई लड़ेगा।
गढ़ रोड स्थित राम सहाय इंटर कॉलेज में रविवार को माध्यमिक शिक्षक संघ ठकुराई गुट की बैठक में 22 सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन की रणनीति बनाई गई। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. त्यागी ने कहा कि अपने पूर्वजों की सामूहिक एकता व संघर्ष के बलबूते अर्जित किए गए लाभों की रक्षा के लिए शिक्षकों को एकजुट होना होगा। एडेड स्कूलों का राजकीयकरण करने, पुरानी पेंशन बहाली आदि मांगों के लिए प्रदेश के सभी डीआईओएस कार्यालय पर धरना दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि ऑफलाइन स्थानांतरण पर सरकार की ओर से बार-बार वादाखिलाफी की जा रही है। यह अनुचित है। अध्यक्षता डॉ. सुखनंदन त्यागी ने की। संचालन पंकज शर्मा ने किया। बैठक में रविकांत कुमार, मुनीराम सिंह, विकास कुमार, युद्धवीर सिंह, राकेश शर्मा सहित अन्य ने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर अरुण पाल आत्रेय, डीएन यादव, विजेंद्र ध्यानी, डॉ. राजेश मोहन शर्मा, निर्दोष त्यागी, हेम सिंह वर्मा, अरविंद चौहान, अनुराग त्यागी आदि मौजूद रहे।