मेरठ। प्रबंध निदेशक पीवीवीएनएल रवीश गुप्ता ने बुधवार को यूनिवर्सिटी रोड स्थित उपकेंद्र पहुंचकर औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ट्रांसफॉर्मर की सुरक्षा के लिए टेल लेस यूनिट की कार्यप्रणाली का गहनता से जांच की। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को हर समय सतर्क रहना होगा और अपने क्षेत्रों की मॉनिटरिंग करनी होगी।
इस दौरान एमडी ने ट्रांसफार्मर सुरक्षा, बिलिंग पारदर्शिता एवं उपभोक्ता शिकायत निवारण प्रणाली को और सशक्त बनाने के निर्देश दिये। कॉमर्शियल-प्रथम एवं कॉमर्शियल-द्वितीय कार्यालयों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने सभी टेल लेस यूनिटों की कार्यशीलता सुनिश्चित करने एवं डिजिटल सेवाओं के विस्तार पर बल दिया। उपभोक्ताओं को त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत सेवाएं प्रदान करने की प्रतिबद्धता दोहराई। एमडी रवीश गुप्ता ने उपकेंद्र के संचालन, विद्युत वितरण प्रणाली की दक्षता तथा उपभोक्ता सेवाओं की स्थिति का प्रत्यक्ष रूप से जायजा लिया। उन्होंने कमर्शियल कार्यालयों में बिलिंग, शिकायत निवारण एवं उपभोक्ता जागरूकता अभियानों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि उपभोक्ताओं को त्वरित और पारदर्शी सेवाएं प्रदान करना डिस्क़ॉम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। एमडी ने कहा कि पीवीवीएनएल आधुनिक तकनीकी उपकरणों, कुशल प्रबंधन और उपभोक्ता-केंद्रित दृष्टिकोण के माध्यम से उत्तर प्रदेश के पश्चिमी क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता की विद्युत सेवाएं प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।