देवबंद। अंबेहटा शेखा गांव में मंगलवार देर रात बदमाशों की आमद होने और फायरिंग किए जाने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया है। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब छानबीन की तो अफवाह निकली। इसके बाद में पुलिस ने चोरों की झूठी अफवाह फैलाने और फायरिंग कर दहशत का माहौल पैदा करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
मंगलवार रात करीब एक बजे अंबेहटा शेखां गांव में अचानक फायरिंग होने से नींद से जागे लोगों में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में खबर फैल गई कि गांव में बदमाश घुस आए हैं, जिससे दहशत का माहौल पैदा हो गया। लोग लाठी-डंडे लेकर घरों से बाहर आ गए और चोरों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस को भी सूचना दी गई। इसी दौरान वहां पहुंची पुलिस भी बदमाशों की तलाश में जुट गई। छानबीन करने पर पता चला कि यह अफवाह है। पता चला कि अफवाह फैलाने वाला गांव का ही एक व्यक्ति है।
पुलिस आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर कोतवाली ले आई और उससे पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक आरोपी तासीन ने कबूल किया कि उसने ही बदमाश आने की अफवाह फैलाकर फायरिंग की। सीओ रविकांत पाराशर ने बताया कि आरोपी तासीन ने अवैध असलाह का इस्तेमाल कर दो राउंड फायरिंग की। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।