दौराला। हस्तिनापुर में दिनदहाड़े गोलियां बरसाकर ई-रिक्शा चालक सुरेंद्र और अरविंद की हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी को नगली आजड़ गांव में पकड़ने गई पुलिस के साथ परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर हाथापाई और अभद्रता की। पुलिस आरोपी को लेकर थाने पहुंची। सैकड़ों ग्रामीणों ने दौराला थाने का घेराव करते हुए हंगामा किया और धरने पर बैठ गए। आरोपी को गंगानगर थाने भेजने पर ग्रामीण शांत हुए।
कुछ दिन पहले हस्तिनापुर में अरविंद उर्फ कालू पुत्र धूम सिंह और सुरेंद्र पुत्र रमेश निवासी ग्राम पाली की मखदूमपुर कॉलोनी के सामने बाइक सवार चार-पांच बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। सुरेंद्र ई-रिक्शा चलाता था। परिजनों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया था। अधिकारियों के आश्वासन पर जाम खोला गया था। पुलिस ने प्रियांशु, दीपांशु, प्रिंस, कौशेंद्र को पकड़कर जेल भेज दिया था। जबकि दौराला थाना क्षेत्र के नगली आजड़ गांव निवासी सोमेंद्र उर्फ ओमेंद्र फरार चल रहा था।
बुधवार देर रात दौराला थाना पुलिस आरोपी सोमेंद्र उर्फ ओमेंद्र को पकड़ने गांव में पहुंची। पुलिस ने सोमेंद्र को दबिश देकर दबोच लिया। परिजनों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर पुलिस के साथ अभद्रता व हाथापाई का प्रयास करते हुए जबरन सोमेंद्र को छुड़ाने का प्रयास किया। पुलिस किसी तरह उसे लेकर थाने पहुंची। कुछ देर बाद सैकड़ों ग्रामीण थाने पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने थाने पर जमकर हंगामा किया।
ग्रामीणों का कहना था कि पुलिस सोमेंद्र का एनकाउंटर कर देगी। ग्रामीण थाने में ही धरने पर बैठ गए। हंगामा बढ़ते देख कई थानों की फोर्स को बुला लिया गया।
थाना प्रभारी संजय कुमार शर्मा ने ग्रामीणों से वार्ता की। उन्होंने ग्रामीणों के सामने ही अधिकारियों को सोमेंद्र की गिरफ्तारी की जानकारी दी। ग्रामीणों ने सोमेंद्र को गंगानगर थाने में भेजने की मांग की। पुलिस ने सोमेंद्र को गंगानगर थाने भेज दिया। इस पर ग्रामीण शांत हुए। थाना प्रभारी का कहना है कि पुलिस सोमेंद्र को गिरफ्तार करके लाई थी। सोमेंद्र हस्तिनापुर में हुए दोहरे हत्याकांड में नामजद था। ग्रामीणों ने उसे छुड़ाने का प्रयास किया और बाद में थाने आकर हंगामा किया। ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत करा दिया है।