मेरठ में परतापुर इंडस्ट्रियल एरिया स्थित उद्योग पुरम में दोमंजिला पॉलीबैग फैक्ट्री में सोमवार दोपहर शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग से फैक्ट्री में रखा तैयार और कच्चे माल सहित कई मशीनें जल गईं। पांच जिलों की 20 दमकल गाड़ियों की सहायता से 100 से ज्यादा दमकल कर्मियों ने करीब सात घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
परतापुर थाना क्षेत्र के उद्योगपुरम में शास्त्रीनगर निवासी कमल रस्तोगी की टेप लाइन इंडस्ट्रीज है। दोमंजिला इस फैक्ट्री में पॉलीबैग तैयार होते हैं। नीचे की बिल्डिंग में बैग की छपाई आदि के बाद मशीनों से माल तैयार होता है। ऑफिस और गोदाम भी नीचे हैं। दूसरी मंजिल पर सिलाई और माल की पैकिंग होती है। सोमवार को फैक्ट्री में 50 से ज्यादा कर्मचारी काम कर रहे थे। कर्मचारियों के अनुसार दोपहर करीब 12 बजे नीचे की बिल्डिंग में बिजली की मेन लाइन में शार्ट सर्किट होने पर उसकी चिंगारी वहां रखे प्लास्टिक के दानों पर गिर गई। आग की लपटें तेजी से फैलनी शुरू हुई तो कर्मचारियों ने प्लास्टिक के दानों के बैग फैक्ट्री से बाहर करने शुरू कर दिए। लेकिन तब तक आग भयंकर रूप ले चुकी थी। ऐसे में कर्मचारियों की हिम्मत भी जवाब दे गयी।
दो कर्मचारियों ने बाइक से पास ही परतापुर फायर स्टेशन पहुंचकर आग की सूचना दी। सीएफओ अजय शर्मा और एफएसओ परतापुर मुकेश कुमार दमकल की दो गाड़ियां लेकर मौके पर पहुंचे। लेकिन आग ने आसपास की फैक्ट्रियों को भी लपेटे में लेना शुरू कर दिया था। फैक्ट्री की आधी बिल्डिंग समेत आसपास की कई फैक्ट्रियों की दीवारें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। सीएफओ की सूचना पर बागपत, हापुड़, गाजियाबाद और नोएडा से भी दमकल गाड़ियां बुलवा ली गईं। आरएएफ की रेस्क्यू टीम ने भी मौके पर पहुंचकर आसपास जमा भीड़ को हटाकर आग बुझाने में मदद की। शाम करीब सात बजे तक आग पर काबू पाया जा सका।