मेरठ। लालकुर्ती क्षेत्र के हंडिया मोहल्ले में एक कमेले की दुकान खाली कराने को लेकर हंगामा हो गया। इस दौरान महिलाओं की कैंट बोर्ड की टीम से झड़प भी हुई। कमेला संचालक शब्बीर के बेटे समीर का आरोप है कि कोर्ट में मामला विचाराधीन होने के बावजूद जबरन कब्जा करने की कोशिश की गई और कोर्ट के आदेशों का पालन नहीं किया गया।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि हंडिया मोहल्ले में स्थित यह सरकारी कमेला करीब 40 साल से शब्बीर द्वारा संचालित किया जा रहा था। हाल ही में कैंट बोर्ड ने इसकी नीलामी कर दी थी जिसका शब्बीर पक्ष ने विरोध किया था। शब्बीर के बेटे के अनुसार नए खरीदार से समझौता हो गया था जिसने कमेला वापस शब्बीर को देने की बात कही थी।
इसी दाैरान कैंट बोर्ड की टीम लालकुर्ती पुलिस के साथ कमेला खाली कराने पहुंची जिसका शब्बीर पक्ष ने विरोध किया। विरोध के बावजूद जब उनकी नहीं सुनी गई तो समीर और महिलाओं ने हंगामा शुरू कर दिया। समीर का कहना था कि जब तक कोर्ट का आदेश नहीं आ जाता तब तक दुकान खाली नहीं होगी। टीम के जाने के बाद समीर पक्ष ने फिर से अपना सामान रख लिया। एसपी सिटी ने नियमों के तहत कार्रवाई का आश्वासन दिया है और कहा कि एक पक्षीय कार्रवाई नहीं की जाएगी।