सुनील कैथवास.... मोदीपुरम में डाक कांवड़ की वजह से लगा जाम
मोदीपुरम/ दौराला। शिवरात्रि से एक दिन पहले हाईवे पर डाक कांवड़, डीजे वाली कांवड़ व बाइक पर कांवड़ लाने वाले कांवड़ियों का दबदबा रहा। सैकड़ों की तादात में डीजे वाली कांवड़ हाईवे पर पहुंची, जिस कारण हाईवे के दोनों ओर जाम लग गया। रही सही कसर बाइक सवार कांवड़ियों ने पूरी कर दी। पुलिस जाम खुलवाने में हांफती दिखी।
प्रतिवर्ष की तरह हाईवे पर शिवरात्रि से एक दिन पहले डाक, डीजे व बाइक सवार कांवड़ियों की भीड़ दिखी। मंगलवार सुबह से ही हरिद्वार से गंगाजल लेकर आने वाले कांवड़ियों में अपने गंतव्य की ओर पहले रवाना होने की होड़ दिखी। बाइकों के साइलंसर, सिटी व डीजे पर बज रहे भजन ही हाईवे पर सुनाई देते रहे। डाक कांवड़ियां समय से शिवालय पहुंचने के लिए दौड़ लगाकर एक दूसरे को गंगाजल की बोतल पकड़ाकर भागते रहे, साथ ही बाइक सवार कांवड़ियों का भी आना जाना रहा। सैकड़ों की तादात में मंगलवार को डीजे वाली कांवड़ एनएच 58 हाईवे पर दादरी गांव से लेकर टोल प्लाजा तक देखी गई। सिवाया टोल प्लाजा से लेकर दौराला से भी आगे तक जाम लग गया। जाम खुलवाने में पुलिस हांफती रही। संवाद