रविवार रात बाइक धीमी चलाने को लेकर दो पक्षों में हुआ था झगड़ा, कई लोग हुए थे घायल
गंगानगर। इंचौली थाना क्षेत्र के सिखेड़ा गांव में रविवार रात हुए चौहान और दलित पक्ष के झगड़े में कुल 24 लोगों पर इंचौली थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। गांव में तनाव का माहौल है।
सिखेड़ा गांव निवासी दलित पक्ष के दुष्यंत की ओर से मुख्य आरोपी सनी, गोलू, नरेश, आकाश, टिंकू, पंकज, चंदन, मोहित, हृदेश और अनिल सहित 10 लोगों के खिलाफ एससी एसटी व अनेक धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया गया हैं। दूसरे पक्ष के सनी की ओर से महेश, गोलू, विवेक, विकास, संदीप, सतीश, आकाश, भगवान सिंह, वीर सिंह, भूरे, अब्बू, अरुण अक्षय और भूरा सहित कुल 14 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
दरअसल रविवार रात करीब नौ बजे सिखेड़ा निवासी अक्षय के मुताबिक वह अरुण और अभिलाष के साथ घर के बाहर खड़ा था, इसी बीच सनी तेज गति में बाइक लेकर निकल रहा था। अक्षय ने सनी से गली में बाइक धीमी चलाने को कहा। इसी बात पर कहासुनी हुई। आरोप है कुछ देर में सनी अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गया और अक्षय, अरुण और अभिलाष के साथ मारपीट कर दी। उन्हें बचाने आए लोगों के साथ मारपीट की गई। घटना में घायल तीन लोगों को पुलिस द्वारा प्यारेलाल अस्पताल लाया गया। सनी का आरोप है जब वह बाइक से जा रहा था तो उसकी बाइक रोककर मारपीट की गई।