मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के उद्योगपुरम स्थित फैक्टरी मालिक आशीष कुमार गोयल की कार से 17 मार्च को बैग में रखी पांच लाख रुपये की नकदी चोरी के मामले का परतापुर पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपी ड्राइवर बजोट निवासी अमोल को गिरफ्तार कर लिया। अमोल ने चोरी के रुपयो से नई बाइक खरीदी थी। पुलिस को उसके कब्जे से 28 हजार रुपये और बाइक बरामद की है।
ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र निवासी आशीष कुमार गोयल की परतापुर के उद्योगपुरम में स्वामी सुमन इलेक्ट्रिकल्स नाम से फैक्टरी है। उनके यहां अमोल करीब तीन वर्षों से कार चालक के रूप में कार्यरत था। 17 मार्च को आशीष की कार में रखे बैग से पांच लाख रुपये चोरी हो गए थे। घटना के बाद से अमोल संदिग्ध बना हुआ था। वह बिना सूचना दिए छुट्टी पर चला गया था। आरोपी ने नई बाइक भी खरीद ली थी।
पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी ने चोरी की घटना को स्वीकार किया। सुशांत सिटी में आशीष के कार से उतरने के बाद उसने बैग से पांच लाख रुपये चोरी कर लिए थे। चोरी की रकम में से उसने करीब एक लाख रुपये अपनी बहन के नाम से एसबीआई बैंक खाते में जमा किए। 80 हजार रुपये की किस्त चुकाई, 78 हजार रुपये कमेटी में जमा किए तथा करीब एक लाख रुपये में बाइक खरीदी।
शेष पैसे उसने अपने शौक पूरे करने में खर्च कर दिए। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर उसके पास से 28 हजार रुपये नकद और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है। सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना का कहना है कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।
-