संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। परतापुर थाना क्षेत्र के रिठानी स्थित 132 केवी विद्युत उपकेंद्र से बिजली का सामान चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई विद्युत सामग्री और वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार को रिठानी मेट्रो स्टेशन के नीचे स्थित 132 केवी उपकेंद्र से विद्युत सामग्री चोरी कर ई-रिक्शा में ले जाने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर तीन संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी किया गया बिजली का सामान बरामद हुआ। सीओ ब्रहमपुरी रामप्रकाश ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान रिठानी निवासी शनि, विशाल फैक्टरी के पीछे रिठानी निवासी अभिषेक और सेक्टर-1सी शताब्दीनगर निवासी पंकज पाल के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से करीब 20 से 25 मीटर दो-कोर वायर, करीब सात से आठ मीटर छह-कोर 2.5 एमएम वायर, छह मीटर एल्युमिनियम पेपर कंडक्टर समेत अन्य विद्युत सामग्री बरामद की गई है आरोपियों के अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।
-