शास्त्रीनगर में प्रॉपर्टी डीलर के मकान से 8.50 लाख रुपये चोरी
मेरठ। शास्त्रीनगर स्थित बैंक कॉलोनी रामापुरम में मंगलवार रात प्रॉपर्टी डीलर विक्रम भड़ाना परिवार के साथ घर में सोते रहे और बदमाश 8.50 लाख रुपये चोरी करके ले गए। सुबह परिवार ने कमरे का सामान बिखरा देखा, तब घटना का पता चला। इसकी जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक रविंद्र भड़ाना पहुंचे। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
विक्रम का तीन मंजिला मकान है। दूसरी मंजिल पर बेटा मोहित दूसरे कमरे में सोया हुआ था। विक्रम परिवार के साथ भूतल पर सो रहे थे। दूसरी मंजिल पर दूसरे कमरे में देर रात चोरों ने धावा बोला। उन्होंने अलमारी तोड़कर 8.50 लाख रुपये नकद चोरी की और भाग निकले। सुबह मोहित ने कमरे में सामान बिखरा देखा तो उसने परिजनों को जानकारी दी।
पीड़ित परिवार का कहना है कि चोर पड़ोसी के घर की छत के रास्ते उनके मकान में घुसे। इसके बाद वारदात की। वहीं, इंस्पेक्टर मेडिकल संतशरण सिंह का कहना है कि चोर सिर्फ नकदी ले गया है, बाकी कोई सामान नहीं ले गए। आसपास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज देखी गई है। इसमें कोई संदिग्ध दिखाई नहीं दिया। एसपी सिटी विनीत भटनगर ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।