- शादी में गया था परिवार, 50 हजार और जेवर चुराए
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के कपड़ा व्यापारी शावेज के घर में रखी अलमारी का ताला तोड़कर चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। पीड़ित के अनुसार चोर 50 हजार रुपये नकद समेत सोने-चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। पीड़ित की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
कमेले रोड स्थित ऊंचा बुनकर नगर निवासी शावेज ने बताया कि 21 अक्तूबर को वह परिवार के साथ बिजनौर के नजीबाबाद में अपनी रिश्तेदारी में शादी में शामिल होने गए थे। घर पर ताला लगा हुआ था। परिवार शादी समारोह में व्यस्त था, जबकि पीछे से चोरों ने बंद मकान को निशाना बना लिया। देर रात करीब चार बजे परिवार के साथ घर लौटे तो अंदर सामान बिखरा पड़ा था। सेफ अलमारी का ताला टूटा हुआ था। जांच करने पर अलमारी में रखे 50 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर गायब मिले। चोरी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस चोरों की तलाश में जुट गई है।