खरखौदा पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए चोरी के आरोपी (पुलिस)
- तीन आरोपियों को दबोचा, सोना-चांदी के आभूषण सहित नकदी बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा (मेरठ)। कोल रोड स्थित सराफा कारोबारी की दुकान से लाखों रुपये के आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। रविवार रात बिजौली कट के पास एक बंद पड़ी इमारत में दबिश के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुख्य आरोपी हरिद्वारी उर्फ संजय घायल हो गया, जबकि उसके दो साथियों पुनीत और सूरज को पुलिस ने पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चांदी और सोने के आभूषण, 2030 रुपये और दो तमंचे बरामद किए हैं। दो अक्तूबर की मध्यरात्रि को सराफा कारोबारी पल्लव अग्रवाल की दुकान से पांच लाख रुपये की नकदी, पांच किलो चांदी और 60 ग्राम सोना चोरी हुआ था। कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। रविवार रात पुलिस को चोरी किए गए आभूषणों के बारे में सूचना मिली थी।
पकड़ा गया मुख्य आरोपी हरिद्वारी उर्फ संजय शाहजहांपुर जिले के निगोही थाना क्षेत्र के ईशापुर गांव का निवासी है। पुनीत और सूरज भी इसी गांव के रहने वाले हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से चांदी के बच्चों के कड़ों की एक जोड़ी, सोने की बालियों की एक जोड़ी, सात अंगूठियां और नौ जोड़ी पाजेब बरामद की हैं। इसके अलावा 2030 रुपये और दो तमंचे भी मिले हैं। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी हरिद्वारी उर्फ संजय का आपराधिक इतिहास है। उसके खिलाफ निगोही, मऊ, बरेली और लखीमपुर खीरी समेत विभिन्न स्थानों पर करीब 18 मुकदमे दर्ज हैं। घटना का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
एसपी देहात मेरठ अभिजीत कुमार ने बताया कि आरोपियों से करीब एक किलो चांदी के जेवर व सोने के जेवर सहित कुछ नकदी भी बरामद की गई है।