सरूरपुर। गांव रामपुर मोती में परिवार पर जानलेवा हमला करने वाले आरोपी। पुलिस
सरूरपुर। थाना क्षेत्र के गांव रामपुर मोती में रंजिश के चलते एक परिवार पर धारदार हथियारों से हमला किया गया। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।
रविवार सुबह गांव रामपुर मोती में राहुल कुमार और उसके भाइयों पर हमला हुआ था। हमलावरों ने बलकटी, फरसा और लाठी-डंडों का इस्तेमाल किया। इस हमले में मोहित समेत परिवार के कई लोग घायल हो गए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हुआ था। पीड़ित राहुल कुमार की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि आरोपियों को सोमवार को उनके घर से गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में आसिंद्र उर्फ कालू, आकाश, अतुल और निखिल उर्फ चमन शामिल हैं। पुलिस ने उनके कब्जे से हमले में इस्तेमाल की गई बलकटी और फरसा बरामद किया है। पूछताछ में आरोपियों ने घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की।