रसूलपुर जाहिद के जंगल में पेड़ पर लटका मिला शव
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। थाना रोहटा क्षेत्र के रसूलपुर जाहिद गांव में गृहकलह से आहत युवक बिट्टू ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार सुबह गांव के बाहर एक पेड़ पर उसका शव लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू की, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
रसूलपुर जाहिद गांव निवासी 32 वर्षीय बिट्टू अपने पिता राजकुमार के साथ ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था। परिजनों के अनुसार, बिट्टू मानसिक रूप से कमजोर था। बृहस्पतिवार शाम किसी बात को लेकर उसकी पत्नी से कहासुनी हो गई थी। इसके बाद वह घर से निकल गया। देर रात तक परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग सका।
शुक्रवार सुबह खेत पर जा रहे किसानों ने गांव के बाहर नीम के पेड़ से युवक का शव लटका देखा। उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी वहां पहुंच गए। युवक की पहचान बिट्टू के रूप में हुई। सीओ आशुतोष कुमार के अनुसार, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी की, लेकिन परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया, जिसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया।