बहसूमा। दिनदहाडे़ एक महिला ने अधिवक्ता के मकान में घुसकर सेफ खोलकर चंादी के आभूषण एवं नगदी चोरी कर ली। आहट होने पर घर के बाहर धूप सेंक रही उनकी पत्नी अंदर गईं तो वहां एक अन्य महिला को देखा। उनके द्वारा शोर मचाने पर लोगों ने आरोपी महिला को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया। अधिवक्ता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मंगल बाजार निवासी अधिवक्ता नीरज शर्मा ने बताया कि सोमवार दोपहर उनकी पत्नी मकान के बाहर धूप सेंक रही थीं। उन्हें घर में सेफ खुलने की आहट महसूस हुई तो वे ये सोचकर अंदर गईं कि शायद बंदर घुस आया। उन्होंने मकान से निकलते एक महिला को देखा। सेफ खुली थी तथा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। अधिवक्ता की पत्नी ने शोर मचाया तो उक्त महिला भागने लगी। इस पर मोहल्लावासियों ने उक्त महिला को पकड़कर पुलिस के सपुर्द कर दिया। पुलिस पूछताछ में महिला ने कई बार अपना पता बदला। इस पर महिला पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने अपना नाम अफसाना पत्नी रिजवान निवासी सौंदत थाना परीक्षितगढ़ बताया। महिला से 2200 सौ रुपये एवं एक जोड़ी पाजेब बरामद हुई। इस संबंध में थाना पुलिस का कहना है कि अधिवक्ता नीरज शर्मा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। महिला को जेल भेजा जा रहा है।