रोहटा। भदौड़ा की नेहा ने मंगलवार दोपहर डायल 112 पर कॉल कर कहा कि मैं आत्महत्या करने जा रही हूं। पुलिस का कहना है कि इसके बाद वह गंगनहर में कूद गई। पुलिस और पीएसपी के गोताखोर देर शाम तक उसकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन वह नहीं मिली। गंगनहर में वह नहीं मिली। पुलिस महिला के परिजन से पूछताछ कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, भदौड़ा गांव निवासी नेहा पूठखास गांव में एक ब्यूटी पार्लर पर काम सीखने जाती थी। वहीं उसकी मुलाकात पड़ोसी गांव चिंदौड़ी निवासी एक युवक से हुई और दोनों के बीच प्रेमप्रसंग हो गया। करीब दो वर्ष पहले नेहा की शादी दूसरी जगह हुई थी। आरोप है कि उसके प्रेमी ने हस्तक्षेप कर उसकी शादी तुड़वा दी, जिसके बाद महिला को पति से तलाक लेना पड़ा। तलाक के बाद नेहा दोबारा प्रेमी के संपर्क में आई। बताया गया है कि कुछ दिन पहले उसके प्रेमी ने दूसरी युवती से शादी कर ली। इस धोखे से आहत होकर नेहा ने मंगलवार को पूठखास गंगनहर किनारे पहुंचकर डायल 112 पर कॉल किया और पुलिस को बताया कि प्रेमी ने उसे धोखा दिया, शादी तुड़वा दी। इसलिए वह आत्महत्या करने जा रही है।
सूचना पर पुलिस मात्र सात मिनट में मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक महिला नहर में छलांग लगा चुकी थी। पुलिस को गंगनहर किनारे से उसका मोबाइल मिला। थाना पुलिस और पीएसी के गोताखोरों ने सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन तेज बहाव और बारिश के कारण खोज अभियान में दिक्कतें आईं।
सीओ प्रकाशचंद्र अग्रवाल ने बताया कि पीएसी गोताखोरों की मदद से महिला की तलाश और पूरे मामले की जांच की जा रही है। इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला के परिजनों को बुरा हाल है। उनसे भी पूछताछ की गई है।