गंगा का जलस्तर घटने के बावजूद बढ़ रही परेशानी
हस्तिनापुर। गंगा में लगातार घट रहे जलस्तर के बाद भी खादर क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोगों की परेशानी बढ़ रही है। मुजफ्फरनगर सीमा पर टूटे तटबंध से गंगा का पानी मेरठ के कई गांवों को चपेट में ले चुका है। कई गांवों के जंगल में पानी भर गया है। इसके चलते ग्रामीण दैनिक कामकाज के लिए जान जोखिम में डाल रहे हैं।
गंगा का जल स्तर लगातार घट रहा है। इसके बावजूद ग्रामीणों की परेशानियां बढ़ रही हैं। क्षेत्र के दर्जनों गांव के आसपास और जंगलों में पानी भरा हुआ है। वहीं, दर्जनों गांव के मुख्य रास्तों पर पानी भरा होने से आवागमन बाधित हो गया है। इसके चलते ग्रामीण क्षेत्रों की स्थिति खराब बनी हुई है। खेतों में गंगा का पानी भरा होने से ग्रामीणों को मवेशियों के लिए चारा जुटाने में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। पहाड़ों पर लगातार बारिश होने से गंगा के पानी ने खादर क्षेत्र में परेशानी पैदा कर दी है। मुजफ्फरनगर सीमा में टूटे तटबंध से खादर क्षेत्र की स्थिति और खराब हो गई है। करीब दो दर्जन गांवों के किसानों के खेतों में खड़ी धान एवं गन्ने की फसल में पानी भर चुका है। क्षेत्र के सरदार सुंदर सिंह, विपिन चौधरी, ध्यान सिंह, बूटा सिंह, प्रधान भजन सिंह, हरिंदर, प्रधान सज्जन सिंह, प्रेम सिंह, दीपक, बिट्टू, ओंमकार आदि किसानों का कहना है कि गंगा लगभग हर साल क्षेत्र में कहर बरपाती है। इससे फसलों को काफी नुकसान पहुंचता है। क्षेत्रवासियों की लगातार मांग के बावजूद गंगा किनारे पर अभी कच्चा तटबंध है। इसी के सहारे वर्ष 2013 में पांच लाख क्यूसेक जल निकला था। जिसने इस तटबंध के ऊपर से गुजरकर क्षेत्र में तबाही मचाई थी। बार-बार टूटने की वजह से यह तटबंध बहुत कमजोर हो चुका है। यदि यह टूट जाए तो गंगा की तेज धार का रुख हस्तिनापुर खाद क्षेत्र के अधिकतर गांवों को चपेट में ले लेगा।
इन गांव में सबसे ज्यादा परेशानी
ग्राम बड़ी चमरोध, हरिपुर, हंसापुर, फतेहपुर प्रेम, कुन्हेड़ा, रठोरा कलां, किशनपुर, दूधली, भीकुंड, मखदूमपुर, जलालपुर, किशोरपुर आदि।
उपजिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव का कहना है कि खादर क्षेत्र के कई गांव के जंगल और संपर्क मार्गों पर पानी भरा हुआ है। इसके बृहस्पतिवार शाम तक सोती नदी से निकल जाने की उम्मीद है।
वहीं, जिला पंचायत अध्यक्ष कुलविंदर, उपजिलाधिकारी अंकुर श्रीवास्तव ने फतेहपुर प्रेम स्थित तटबंध का जायजा लिया। जिला पंचायत अध्यक्ष कुलविंदर सिंह ने कहा कि जिला योजना बैठक में उन्होंने गंगा की बाढ़ का मुद्दा उठाया था। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश दे रखे हैं कि गंगा का तटबंध किसी भी हालत में टूटने न पाए। इस अवसर पर उनके साथ जिला पंचायत अधिकारी, नीरज नागर, हरेंद्र चौहान, ध्यान सिंह, बाबा बूटा सिंह, हरजीत सिंह, गुरवेज सिंह, जयप्रकाश, रणवीर सिंह, देवेंद्र चौहान आदि मौजूद रहे।
गंगा में बुधवार को 86 हजार क्यूसेक डिस्चार्ज चल रहा है। पीयूष कुमार, अवर अभियंता बिजनौर बैराज
1एच - जिला पंचायत अध्यक्ष तहसील अधिकारियों के साथ तटबंध पर पहुंच स्थिति का जायजा लेते हुए। (हस्तिन?- फोटो : MAWANA
1डी - गांव के रास्ते में भरे पानी के बीच जान जोखिम में डाल गुजरते ग्रामीण। (हस्तिनापुर)- फोटो : MAWANA