मंडावली। सीतावाली के मत्सय पालन तालाबों से चौकीदार से मिलकर चोरों ने कई क्विंटल मछली चोरी कर बेच दी। तालाब स्वामियों ने छानबीन कर एक चोर को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
गांव सीतावली नहर पुल के पास करीब 25 बीघा जमीन में शेरकोट निवासी मो. अतीक, नाजिम और उनके साथियों ने जमीन ठेके पर लेकर मत्स्य पालन के लिए तालाब बनाए। तालाब में विभिन्न प्रजाति की मछली पाली जा रही है। हाल ही में तालाब स्वामियों को तालाब से मछली चोरी होने की जानकारी मिली। छानबीन करने पर प्रेमपुरी निवासी योगेश का नाम सामने आया। तालाब स्वामियों के पूछने पर योगेश ने सावन महीने में कई क्विंटल मछली चोरी करने की बात कही। उसने तालाब के चौकीदार और कई साथियों के चोरी में शामिल होने तालाब स्वामियों को जानकारी दी। तालाब स्वामियों ने योगेश को पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
तालाब स्वामी अतीक, नाजिम ने प्रेमपुरी निवासी योगेश सहित 11 अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर सौंपी है। फिलहाल पुलिस योगेश से पूछताछ कर रही है।