- दूसरा आरोपी मौके से भागने में रहा सफल
संवाद न्यूज एजेंसी
मुंडाली। मुंडाली थाना क्षेत्र के गांव रछौती स्थित जेएनएम इंटर कॉलेज में चोरी की नीयत से घुसे दो आरोपियों को स्कूल के कर्मचारियों ने सतर्कता दिखाते हुए दबोच लिया, जिनमें से एक आरोपी खुद को उनसे छुड़ाकर भाग निकला। पकड़े गए आरोपी को पुलिस को सौंप दिया।
मेरठ-गढ़ मार्ग स्थित गांव रछौती में जेएनएम इंटर कॉलेज पर सोमवार देर रात चौकीदार विशाल सैनी अपने साथी कपिल कुमार, विवेक सिंह, नितिन कुमार और संदीप आदि कर्मचारियों सहित ड्यूटी पर था। उसे कॉलेज में बने कमरों से सामान गिरने की तेज आवाजें सुनाई दी। सभी कर्मचारी मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि दो बदमाश छत के पंखे और कैमरे खोलकर भागने की फिराक में थे। कर्मचारियों ने सूझबूझ और हिम्मत दिखाते हुए दोनों बदमाशों की घेराबंदी कर ली और आरोपियों नासिर और मिंटू निवासी मुंडाली को दबोच लिया, जिनके पास से चोरी किए गए छह कैमरे और पांच पंखे बरामद हुए। घटना के तुरंत बाद चौकीदार विशाल सैनी ने पुलिस को सूचना दी। इसी दौरान आरोपी मिंटू अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से भागने में सफल रहा। पकड़े गए आरोपी नासिर को पीआरवी ने मुंडाली थाना पुलिस को सौंप दिया।
सीओ किठौर सौम्या अस्थाना का कहना है कि एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। चोरी का माल भी बरामद कर लिया है। एक आरोपी मौके से भागने में सफल रहा, जिसे पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है।