हस्तिनापुर। विकासखंड की तीन ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधान और ग्राम सचिव के बीच चल रहा मामला बढ़ता जा रहा है। अब इस मामले में ग्राम प्रधानों ने जिला पंचायत राज अधिकारी व मुख्य विकास अधिकारी से ग्राम सचिव द्वारा कमीशन मांगने और मनमानी करने की शिकायत की है।
विकासखंड की ग्राम पंचायत लतीफपुर, झड़ाका व नंगली गजरौली के ग्राम प्रधान बृहस्पतिवार को बीडीओ से मिले थे और ग्राम सचिव को हटवाने की मांग की थी। इसके बाद वह शुक्रवार को जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी के नाम अपनी ग्राम पंचायत में तैनात ग्राम सचिव को हटवाने की मांग की। उन्होंने कहा कि ग्राम सचिव उनकी ग्राम पंचायत में लगातार भ्रष्टाचार कर रहा है और काम कराने के बदले कमीशन की मांग रहा है।
कमीशन के चक्कर में तीनों ग्राम पंचायतों के विकास कार्य पूरी तरह बंद हैं। इससे ग्रामीण लगातार सरकार की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने ग्राम सचिव को तुरंत हटवाने की मांग की। इस अवसर पर ग्राम प्रधान करतार सिंह, अमित कुमार एवं प्रधान के पति वीरपाल सिंह मौजूद रहे।