मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में बुधवार को कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला की अध्यक्षता में विद्युत परिषद की एक ऑनलाइन बैठक हुई। बैठक में विवि कुलपति ने कहा कि अब से विश्वविद्यालय परिसर के भूगोल विभाग में संचालित बीएबीएससी और एमएएमएससी भूगोल पाठ्यक्रमों को बीए ऑनर्स भूगोल और एमए भूगोल के नाम से चलाया जाएगा। विभिन्न पाठ्यक्रमों की बोर्ड ऑफ स्टडीज़ द्वारा प्रस्तुत पाठ्यक्रम संरचनाओं (सिलेबस) से संबंधित निर्णयों को परिषद द्वारा अनुमोदित किया गया। शासन के निर्देशानुसार जिन पाठ्यक्रमों में तीन वर्षों से 10 से कम प्रवेश हुए हैं, उन पाठ्यक्रमों को बंद करने का भी बैठक के दौरान निर्णय लिया गया। कुलपति ने बताया ऐसे 10 कोर्स हैं जिनमें तीन वर्ष में 10 से कम प्रवेश हुए। उन्हें बंद किया जाएगा। बैठक में प्रति कुलपति प्रो. मृदुल कुमार गुप्ता, कुलसचिव धीरेंद्र कुमार वर्मा, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. भूपेंद्र सिंह, शोध निदेशक प्रो. बीरपाल सिंह, प्रो. अतवीर सिंह, प्रो. राकेश कुमार शर्मा, प्रो. आलोक कुमार, प्रो. जितेंद्र ढाका आदि मौजूद रहे।
यह पाठ्यक्रम होंगे बंद
बैचलर इन सिनेमैटोग्राफी, सर्टिफिकेट कोर्स इन उर्दू कंपोज़िंग, सर्टिफिकेट इन मोबाइल जर्नलिज़्म, एमएससी होम साइंस (ह्यूमन डेवलपमेंट), पीजी डिप्लोमा इन फिल्म प्रोडक्शन, पीजी डिप्लोमा इन पब्लिक हेल्थ, पीजी डिप्लोमा इन टूरिज्म एंड होटेलियरिंग, एमए मास मीडिया (उर्दू), एमएफए फैशन डिज़ाइन, एमएफए टेक्सटाइल डिजाइन।