डंपिग ग्राउंड के लिए भूमि देखने पहुंची ट्रेनी डिप्टी कलेक्टर, नगर पालिका ईओ।
- फोटो : MAWANA
सुलभ शौचालय में गंदगी देख भड़कीं प्रशिक्षु एसडीएम
मवाना। जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर में पहुंची प्रशिक्षु एसडीएम ने नगर पालिका ईओ के साथ सुलभ शौचालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शौचालयों में गंदगी व छतों पर शराब की खाली बोतलों को देख भड़क गईं। उन्होंने शाम तक रिपोर्ट सौंपने की बात कही।
जिलाधिकारी के आदेश पर प्रशिक्षु एसडीएम लवी त्रिपाठी मवाना पहुंचीं। उन्होंने नगर पालिका से ईओ व अन्य कर्मचारियों के साथ पक्का तालाब के पास बन निर्माणाधीन शौचालयों का निरीक्षण किया। उन्होंने 15 अक्तूबर तक इसके निर्माण को पूरा करने के आदेश दिए। इसके बाद नगर में बने पालिका के सुलभ शौचालयों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान शौचालय में रखी शीट व पानी की टूटी टोंटी देख डिप्टी कलेक्टर नाराज हो गईं। उन्होंने वहां तैनात कर्मचारी विकास को फटकार लगाई और तुरंत सफाई करने के आदेश दिए। वहीं, नगर पालिका द्वारा बनाई गई धर्मशाला में अवैध रूप से कब्जाने की जानकारी मिलने पर ईओ सुनील कुमार को तत्काल प्रभाव से खाली कराने के निर्देश दिए। सुलभ शौचालय की छत पर पहुंची और छत पर खाली शराब की बोतलें पड़ी देख कर्मचारियों को डांट लगाई। अंडर ट्रेनी एसडीएम लवी त्रिपाठी ने ईओ सुनील कुमार से तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त कर शाम तक रिपोर्ट प्रेषित करने के निर्देश दिए। उन्होंने ढिकौली स्थित सुलभ शौचालय व ट्यूबवेल का भी निरीक्षण किया।