सरधना। पुलिस द्वारा दुकानदारों को पीटने के बाद जानकारी करते व्यापार मण्डल अध्यक्ष पंकज जैन। संव
सरधना। नगर के मुख्य बाजारों को रात 11 बजे तक बंद नहीं करने पर थाना पुलिस द्वारा आए दिन दुकानदारों के साथ की जाने वाली मारपीट के विरोध में सोमवार को व्यापार मंडल ने विरोध जताया। पीड़ित दुकानदारों की आपबीती सुनने के बाद व्यापार मंडल ने कहा कि बाजार बंद कराने का विरोध एसएसपी के सामने दर्ज कराएंगे।
सरधना में सभी बाजारों को बंद करने के लिए थाना पुलिस ने फरमान जारी किया हुआ है। शनिवार की रात 11 बजे से दुकान बंद करने में दो मिनट देर होने पर सिपाही दुकान बंद कराने पहुंचे और दुकानदार अनस की पिटाई कर दी। रातभर उसे हवालात में रखा। रविवार सुबह उसका चालान कर दिया। सोमवार को सरधना व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज जैन ने कस्बा चौकी चौराहे पर दुकानदारों से मुलाकात कर घटना के बारे में जानकारी ली। व्यापारियों ने बताया कि दुकान बंद करने में 10 मिनट की देरी होने पर पहले व्यापारी को थप्पड़ मारा और जूतों से पिटाई की।
बताया कि पिछले कुछ महीने से सरधना कस्बे में रात 11 बजते ही दुकानदारों का उत्पीड़न शुरू हो जाता है। इस अघोषित कर्फ्यू का पालन नहीं करने वाले दुकानदारों पर पुलिस का जमकर कहर टूट रहा है। पुलिस की इस कार्यशैली से दुकानदारों और व्यापार मंडल में रोष बना हुआ है। सरधना व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज जैन ने बताया कि पुलिस द्वारा दुकानदारों व व्यापारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रात 11 बजे नगर का बाजार बंद करने के प्रशासन की तरफ से कोई आदेश जारी नहीं किए गए हैं। इस संबंध में जल्द एसएसपी से मिलकर समस्या रखी जाएगी।