घायल साजिद के एसीएम ने मेरठ मेडिकल पहुंचकर दर्ज किए बयान
कोल्ड ड्रिंक में मिलाकर पिलाया था नशीला पदार्थ, तेज धारदार हथियार से रेता गलामाई सिटी रिपोर्टर/संवाद
मुंडाली (मेरठ)। हापुड़ के ई-रिक्शा चालक साजिद की गला रेतकर हत्या की कोशिश के मामले में लापरवाही बरतने पर शाफियाबाद लोटी चौकी प्रभारी शैलेंद्र सिंह और हेड कांस्टेबल मुनेंद्र सिंह को निलंबित कर दिया गया है। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने रविवार को कार्रवाई में देरी और आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर ये कार्रवाई की है। इधर, एसीएम मृदुला सिंह ने मेरठ मेडिकल पहुंचकर यहां भर्ती साजिद के बयान दर्ज किए हैं।
हापुड़ के माजिदपुर निवासी साजिद का ई-रिक्शा एक आरोपी ने बुक किया था। इसके बाद एक अन्य आरोपी उसके रिक्शे में सवार हुआ। दोनों ने साजिद को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ पिला दिया। इसके बाद आरोपियों ने मुंडाली थाना क्षेत्र के अजराडा के मजरे इलाहाबाद की मढैया के जंगल में बृहस्पतिवार को तेज धार हथियार से साजिद की गला रेतकर हत्या की कोशिश की और रिक्शा लूटकर भाग गए थे। हापुड़ पुलिस ने असौड़ा गांव के जंगल से ई-रिक्शा बरामद कर लिया था। साजिद के भाई फारूख की शिकायत पर पुलिस जानलेवा हमले आदि धारा में प्राथमिकी दर्ज कर जांच कर रही है।
पुलिस की जांच में सामने आया है कि महिला से संबंध का विरोध करने पर साजिद की हत्या की कोशिश की गई है। पुलिस ने वारदात की ओर आने-जाने वाले रास्ते से सीसीटीवी फुटेज खंगाले। इनमें आरोपी दिखाई दिए हैं। मुख्यारोपी साजिद का परिचित है। उसने ही दूसरे आरोपी अपने साथी से साजिद का रिक्शा बुक कराया था।
एसीएम को साजिद रविवार को भी बोलकर बयान दर्ज नहीं करा पाया। उसने इस संबंध में लिखकर बयान दिए हैं। हालांकि इन बयानों को सार्वजनिक नहीं किया गया है।
सीओ किठौर विश्व ज्योति राय ने बताया कि चौकी प्रभारी और हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। आरोपियों की पहचान करने के बाद उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम दबिश दे रही हैं। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। साजिद की हालत में सुधार आ रहा है।