.. 28 सितंबर से प्रस्तावित थी तीन दिवसीय हड़ताल, खुलेंगे सभी बैंक
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) और इंडियन बैंक्स एसोसिएशन (आईबीए) के बीच रविवार रात हुई विस्तृत वार्ता के बाद बैंक कर्मचारियों की प्रस्तावित तीन दिवसीय हड़ताल और आंदोलन को स्थगित कर दिया गया है। यूएफबीयू की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, हड़ताल के नोटिस को लेकर रात करीब 9:30 बजे दोनों पक्षों के बीच बैठक हुई। इसमें विभिन्न मांगों और मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
इंडियन बैंक एम्पलाइज यूनियन के यूपी डिप्टी जनरल सेक्रेटरी एवं मेरठ यूनिट सचिव ललित कुमार शर्मा ने बताया कि वार्ता के बाद दोनों पक्षों के बीच कुछ बिंदुओं पर सहमति बनी, जिसके बाद यूएफबीयू ने आंदोलन और हड़ताल की कार्रवाई स्थगित करने का निर्णय लिया। इससे मेरठ समेत देशभर में 28 सितंबर से प्रस्तावित बैंक हड़ताल फिलहाल नहीं होगी। यूएफबीयू और आईबीए के बीच हुई विस्तृत वार्ता एवं सहमति के बाद आंदोलन तथा तीन दिवसीय हड़ताल स्थगित कर दी गई है। उन्होंने बताया कि वार्ता से संबंधित विस्तृत जानकारी संगठन की ओर से जारी की जाएगी।