कावड़ियों की सुरक्षा के लिए हस्तिनापुर में लगाएं गए सीसीटीवी कैमरे स्रोत संवाद
हस्तिनापुर। ऐतिहासिक नगरी में शिवभक्त कावड़ियों की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से कई संदिग्ध स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। जिससे हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
सावन माह में क्षेत्र से बड़ी संख्या में शिवभक्त कावड़ियां पवित्र गंगाजल लेने के लिए हरिद्वार जाते हैं। जहां से वह अपनी मान्यता के अनुसार पवित्र गंगाजल लेकर ऐतिहासिक नगरी के प्राचीन पांडेश्वर महादेव मंदिर और क्षेत्र के शिवालयों में जलाभिषेक करते हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को और अधिक दुरुस्त करने के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। क्षेत्र की मध्य गंगनहर और गणेशपुर तिराहे से शिवभक्त कांवड़ियां हस्तिनापुर की ओर आते हैं। जिनकी सुरक्षा के लिए गणेशपुर तिराहा और मध्य गंगनहर पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। मामले में थाना प्रभारी राम प्रकाश शर्मा ने बताया कि इस बार दो दर्जन से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं जिनमें से कई संदिग्ध स्थान पर लगे हैं। जिनके माध्यम से क्षेत्र में मौजूद संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष रूप से नजर रखी जा सकेगी। उन्होंने कहा कि मध्य गंगनहर पुल के पास अधिक कावड़ियां रुकते हैं। जिनकी सुरक्षा के लिए अस्थायी पुलिस चौकी बनाई गई है जहां पर 24 घंटे पुलिस तैनात रहेगी। वहीं प्राचीन पांडेश्वर महादेव मंदिर पर जलाभिषेक पर श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं। संवाद