सरधना। गांव दौलतपुर में सोशल ऑडिट टीम ने मनरेगा योजना के कार्यों का निरीक्षण किया। ग्राम पंचायत
सरधना। ग्राम पंचायत दौलतपुर में मंगलवार को महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के अंतर्गत कराए गए विभिन्न विकास कार्यों का सोशल ऑडिट किया गया। सोशल ऑडिट टीम ने सभी कार्यों का मौके पर जाकर गहन निरीक्षण किया और कार्यों की गुणवत्ता तथा पारदर्शिता का मूल्यांकन किया।
सोशल ऑडिट टीम की अध्यक्षता कल्पना पांडे द्वारा की गई। उनकी अगुवाई में टीम ने पंचायत क्षेत्र में कराए गए कार्यों जैसे कि खड़ंजा निर्माण, जल निकासी व्यवस्था, पोखर की खोदाई, पौधरोपण आदि का निरीक्षण किया। सभी कार्य निर्धारित समय सीमा और मानकों के अनुरूप पाए गए। निरीक्षण के बाद ग्राम पंचायत भवन में बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें पंचायत प्रतिनिधियों, ग्रामीणों, मनरेगा मजदूरों तथा अधिकारियों की मौजूदगी रही।
बैठक में प्रत्येक कार्य के दस्तावेज, भुगतान विवरण, मजदूर उपस्थिति और निर्माण सामग्री की उपलब्धता आदि को सार्वजनिक रूप से प्रस्तुत किया गया। ग्रामीणों ने कराए गए कार्यों पर संतोष व्यक्त किया और किसी भी प्रकार की अनियमितता से इन्कार किया। मनरेगा मजदूरों ने समय पर भुगतान मिलने और पारदर्शिता को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। सोशल ऑडिट की इस प्रक्रिया में ग्राम प्रधान ईश्वरी देवी, पंचायत सचिव अतुल कुमार सिंह व ग्रामीण उपस्थित रहे।