चेयरपर्सन और ईओ समेत छह के खिलाफ दी तहरीर
लावड़।
नगर पंचायत में सभासदों और अधिशासी अधिकारी (ईओ) के बीच चल रहा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार को सभासद बबिता के पति राजीव ने ईओ, चेयरपर्सन समेत छह लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी। मंगलवार को ईओ ने सरकारी काम में बाधा डालने पर चार सभासदों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
सभासद मनोज गोयल, देवेंद्री, सहीन प्रवीन उर्फ रूबीना आदि ईओ और बाबू पर भ्रष्टाचार का आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने इस मामले में सोमवार को डीएम को ज्ञापन देकर जांच कराए जाने की मांग की थी। मंगलवार रात नगर पंचायत खुली देख सभासदों ने हंगामा किया था। हाथापाई की नौबत तक आ गई थी। इस पर ईओ सुधीर सिंह ने मनोज गोयल, रूबीना, देंवेंद्री व जर्रार के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने और अभद्रता करने का आरोप लगाते लगा इंचौली थाने में मुकदमा दर्ज कराया था।
बुधवार को सभासद पति राजीव सैनी ने इंचौली थाने में चेयरपर्सन अनीसा, उनके पति मो. हारुन, ईओ सुधीर सिंह, बाबू असलम, कर्मचारी गौरव और नरेश के खिलाफ तहरीर दी। उन्होंने आरोप लगाया कि सोमवार रात स्वच्छता सर्वेक्षण की टीम ऑडिट करने आई थी। इसके लिए उन्हें नगर पंचायत बुलाया गया था। उन्होंने टीम के सामने भ्रष्टाचार की पोल खोली तो ईओ भड़क गए। उन्होंने कर्मचारियों से उन्हें धक्का देकर बाहर निकालने, अभद्रता व छेड़छाड़ करने का प्रयास किया। थाना प्रभारी अंकित चौहान का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।
लगाए गए आरोप गलत हैं
सभासदों की ओर से लगाए गए आरोप गलत है। घटना के दौरान वह नगर पंचायत में नहीं थीं। इस तरह की घटना की कोई जानकारी भी उन्हें नहीं दी गई।
अनीसा हारुन, चेयरपर्सन, नगर पंचायत, लावड़
पुलिस को सौपेंगे फुटेज
सभासद की ओर से लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं। सभासदों ने नगर पंचायत में हंगामा किया। मेरे साथ अभद्रता कर सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई। सीसीटीवी कैमरे में घटना कैद है। इसकी फुटेज पुलिस को सौंपी जाएगी।
सुधीर सिंह, ईओ, नगर पंचायत लावड़