सरधना। सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज में आयोजित तीन दिवसीय बाल संस्कार योग शिविर का बुधवार को समापन हुआ। शिविर में छात्राओं को योग, प्राणायाम और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व के बारे में जानकारी दी गई।
भारतीय योग संस्थान के जिला प्रधान सुनील राघव, केंद्र प्रमुख अनीता शर्मा और शिक्षिका अंजलि मित्तल ने छात्राओं को सूक्ष्म व्यायाम एवं योग क्रियाओं का अभ्यास कराया। इस दौरान त्रिकोणासन, सूर्य नमस्कार, पदोत्तानासन, पश्चिमोत्तानासन, हास्यासन, नेत्र सुरक्षा संबंधी योग क्रियाएं और योग निद्रा का अभ्यास भी कराया गया। प्राणायाम सत्र में छात्राओं ने कपालभाति, भ्रामरी और ध्यान का अभ्यास किया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या वंदना मित्तल रस्तौगी और शिक्षिका सोभना का विशेष सहयोग रहा।