छात्रा को अगवा कर हत्या के मामले में पिता ने दर्ज कराए बयान
टीपीनगर की छात्रा का रोहटा के खेत में शव मिलने का मामला
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। टीपीनगर थाना क्षेत्र की छात्रा को अगवा कर रोहटा के गांव उकसिया स्थित ईख के खेत में हत्या करके शव फेंकने के मामले में उसके पिता ने रविवार को बयान दर्ज करा दिए हैं। बताया गया है कि उन्होंने अपने बयानों दो अन्य आरोपियों पर भी वारदात में शामिल होने के आरोप लगाए हैं। इसके अलावा पुलिस इस मामले में जल्द एससी/एसटी एक्ट की भी धारा बढ़ाएगी।
टीपीनगर थाना क्षेत्र की छात्रा 15 मई की सुबह स्नातक की परीक्षा देने घर से निकली थी लेकिन वह कॉलेज नहीं पहुंची। रोहटा थाना क्षेत्र के कल्याणपुर गांव निवासी अंकुश उसे अगवा कर उकसिया गांव ले गया था। आरोपी ने यहां ईख के खेत में छात्रा पर शादी के लिए दबाव बनाया। छात्रा ने शादी से इन्कार किया तो आरोपी ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने अपहरण व हत्या के आरोप में अंकुश और साक्ष्य छिपाने के आरोप में खेत मालिक आदेश को गिरफ्तार कर कार्रवाई की थी।
अब रविवार को छात्रा के पिता बयान दर्ज कराने टीपी नगर थाने पहुंचे। उन्होंने इस मामले में अंकित के भाई और दोस्त पर भी आरोप लगाया। इसके अलावा केस में धारा बढ़ाने की मांग की।
बता दें कि इससे पहले भी सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाकर एडीएम और एसपी देहात को ज्ञापन सौंप चुके हैं। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले का कहना है कि छात्रा के पिता के बयान दर्ज कर लिए गए हैं। इस मामले में एससी/एसटी एक्ट की धारा बढ़ाई जाएगी और जांच व साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
-