28srd51a- हर्रा इंटर कॉलेज में अध्यापकों द्वारा पिटाई के निशान दिखाता छात्र।
- फोटो : SARDANA
किताब न लाने पर छात्र की पिटाई का आरोप
सरूरपुर। हर्रा स्थित चौधरी बशीर खां इंटर कॉलेज में बुधवार को किताब ना ले जाने को लेकर शिक्षक व क्लर्क पर डंडे से पिटाई करने का आरोप है। पीड़ित छात्र के पिता ने थाने में प्रधानाचार्य व क्लर्क के खिलाफ तहरीर दी है।
हर्रा निवासी इंटर कॉलेज के छात्र जुनैद कक्षा 10 में पढ़ता है। पिता आस मोहम्मद के मुताबिक बुधवार को जुनैद कॉलेज पहुंचा तो वहां शिक्षक ने एक किताब न लाने पर उसकी डंडों से पिटाई कर दी। उसके बाद क्लर्क और प्रधानाचार्य ने कमरे में बुलाकर पीटा। आरोप लगाया कि पूरी घटना सीसीटीवी में कैद है। कॉलेज के ही शिक्षकों ने उन्हें फोन कर घटना के बारे में जानकारी दी। पीड़ित ने सरूरपुर थाने में तहरीर दी है। पुलिस ने मामले की जांच की बात कही है। वहीं, कॉलेज के प्रधानाचार्य अकील अहमद ने छात्र के खिलाफ तहरीर देते हुए बताया कि जुनैद ने कॉलेज में आकर हंगामा किया और विरोध करने पर क्लर्क व अध्यापक के साथ गाली गलौज की। आरोप है कि यह छात्र पूर्व में भी कॉलेज में हंगामा कर चुका है। थाना प्रभारी सतीश कुमार का कहना है कि दोनों पक्षों ने थाने पर तहरीर दी है। मामले में जांच की जा रही है।