दौराला-दौराला के बिजली घर पर धरना देते भाकियू कार्यकर्ता।
- फोटो : LAWARD
भाकियू कार्यकर्ताओं का धरना खत्म
दौराला। कस्बे के बिजलीघर पर दूसरे दिन शुक्रवार को भी भाकियू कार्यकर्ताओं ने बिजली की समस्याओं को लेकर धरना दिया। इसमें पहुंचे अधिशासी अभियंता ने कार्यकर्ताओं को आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया।
बताते चलें कि भाकियू के संजय दौरालिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को दौराला बिजलीघर पर बिजली संबंधी समस्याओं तथा बढ़ी दर के खिलाफ धरना दिया था। कार्यकर्ता शुक्रवार को भी बिजलीघर पर डटे रहे। अधिशासी अभियंता अनिल कुमार वर्मा, एसडीओ विनेश कुमार तथा जेई विद्यासागर कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे। अधिशासी अभियंता ने कार्यकर्ताओं की समस्याएं सुनीं और जल्द समाधान कराने आश्वासन दिया। संजय दौरालिया ने बताया कि दौराला नगर को 24 घंटे बिजली आपूर्ति देने, उपभोक्ताओं द्वारा खरीदे गए मीटर के साथ नए मीटर को चेक कराकर अग्रिम कार्रवाई करने, मीटर रीडर द्वारा ली गई रीडिंग की जांच करने, जरूरतमंद को एक किलोवाट का कनेक्शन देने पर सहमति बनी। इसके बाद कार्यकर्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया। यहां संजय शर्मा, अनिल रस्तोगी, रवींद्र दौरालिया, जयवीर सिंह, विकास कुमार, महकार सिंह, बदन सिंह, धर्मेंद्र सिंह, सर्वेश कुमार आदि मौजूद रहे।