ट्रांसफार्मर से चोरी सामान मिला, लापरवाही से फिर चोरी
सरधना। सरधना वन क्षेत्राधिकारी कार्यालय से मढियाई गांव की तरफ गंगनहर पटरी के निकट से ट्रांसफार्मर से चोरी किया गया सामान तीन दिन पूर्व झाड़ियों में पड़ा मिल गया था। वह बृहस्पतिवार को फिर से चोरी हो गया। माना जा रहा है कि विद्युत निगम के जेई यदि पुलिस को सूचना दे देते तो सामान कब्जे में लेकर फिर से चोरी होने से बचाया जा सकता था।
पांच दिन पूर्व सरधना क्षेत्र में गंगनहर पटरी के निकट विद्युत निगम के एक ट्रांसफार्मर से कीमती सामान चोरी कर लिया था। जिसकी रिपोर्ट जेई संजीव कुमार ने दर्ज कराई है। चार दिन पूर्व गंगनहर पटरी पर झाड़ियों व पेड़ों में आग लगने पर वन क्षेत्राधिकारी संजय चौधरी व वन दरोगा मनोज मौके पर पहुंचे तो एक पेड़ के नीचे से चोरी हुआ ट्रांसफार्मर का सामान मिल गया। रेंजर की सूचना पर जेई मौके पर पहुंचे। वह यह कहते लौट आए कि आग में जला सामान ठंडा होने पर ले जाएंगे। बृहस्पतिवार दोपहर तक सामान वहीं पड़ा था। शाम को पुलिस व विद्युत निगम की टीम मौके पर पहुंची तो सामान गायब मिला।
मामला संज्ञान में आने पर पुलिस और विद्युत निगम के कर्मचारियों को मौके पर भेजा। वहां पर कुछ ही सामान मिला। विद्युत निगम के जेई यदि थाने पर सूचना देते तो सामान दोबारा से चोरी होने से बचाया जा सकता था। -समर बहादुर, थानाध्यक्ष, सरधना
ट्रांसफार्मर के चोरी हुए सामान को बरामद करना पुलिस का काम है। विद्युत निगम का नहीं। मैंने थाने में विद्युत ट्रांसफार्मर चोरी की रिपोर्ट दर्ज करा दी है। पुलिस को चाहिए था कि वह सामान बरामद करती। -संजीव कुमार, जेई, विद्युत निगम