मेरठ में खुद को दर्जा प्राप्त मंत्री बताकर लोगों से ठगी करने वाले आरोपी रेहान खां को रेलवे रोड पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर रेलवे रोड अनंत पाल सिंह ने बताया कि शामली के कसेरूवां निवासी बादल देशवाल ने शिकायत में श्यामनगर लिसाड़ी गेट निवासी रेहान खां और मनोज कुमार निवासी इंद्रानगर, ब्रह्मपुरी पर माध्यमिक शिक्षा परिषद में लिपिक पद पर नौकरी लगवाने के नाम पर 12 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया था।
बादल के अनुसार उसने जमीन बेचकर एक रिश्तेदार के जरिये रेहान को रकम दी थी। तीन दिन पहले ठगी का पता चलने पर रिश्तेदार को हार्ट अटैक होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रेहान खुद को समाजवादी पार्टी में दर्जा प्राप्त मंत्री बताता था। उसने भटीपुरा रेलवे रोड पर ऑफिस खोल रखा था। खुद को वन निगम का सदस्य बताने वाला रेहान सरकार बदलते ही गाड़ी पर भाजपा का झंडा लगाकर और लालबत्ती लगाकर घूम रहा था। रेहान ने बादल को लिपिक का फर्जी नियुक्ति पत्र भी दिया था। मनोज का मेरठ, बिजनौर, सहारनपुर समेत कई जिलों में नेटवर्क फैला है। जो लोगों को नौकरी लगवाने का झांसा देकर रेहान के पास लाता था। रेहान मंत्री बनकर लोगों को लखनऊ तक अच्छी सेटिंग बताता था। एक दर्जन से अधिक लोगों से ठगी होने की बात सामने आई है। पुलिस मनोज की भी तलाश कर रही है।