पहले 6 से 9 अक्तूबर तक होनी थी प्रतियोगिता, खेल निदेशालय ने जारी किए संशोधित आदेश
फोटो समाचार
संवाद न्यूज़ एजेंसी
मेरठ। प्रदेश स्तरीय समन्वय सीनियर महिला बॉक्सिंग प्रतियोगिता की तारीखों में बदलाव किया गया है। अब यह प्रतियोगिता झांसी में 14 से 17 नवंबर तक आयोजित होगी। पहले प्रतियोगिता छह से नौ अक्तूबर तक प्रस्तावित थी। खेल निदेशालय उत्तर प्रदेश की ओर से सभी क्षेत्रीय क्रीड़ाधिकारियों को संशोधित कार्यक्रम के संबंध में पत्र जारी कर दिया गया है।
खेल निदेशालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश बॉक्सिंग एसोसिएशन के अनुरोध पर प्रतियोगिता की तिथियों में बदलाव किया गया है। सभी मंडलों को निर्देश दिए गए हैं कि अपनी टीम की खिलाड़ियों को निर्धारित समय पर प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए भेजना सुनिश्चित करें। साथ ही खिलाड़ियों से संबंधित सभी औपचारिकताएं समय से पूरी कराने को कहा गया है। प्रतियोगिता के आयोजन के लिए निर्धारित मानकों के अनुसार ही खर्च किया जाएगा। इसके अलावा बिना पूर्व अनुमति के किसी भी तरह का अतिरिक्त व्यय नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।