सरधना। गंगनहर में कूदे अजीम अंसारी का चौथे दिन भी कोई सुराग नहीं लग सका। पीएसी और स्थानीय गोताखोरों की टीम लगातार तलाशी अभियान चला रही है लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल पाई है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मोहल्ला गोमतीनगर निवासी पूर्व सभासद मोहसीन अंसारी के पुत्र अजीम अंसारी ने शनिवार दोपहर सरधना पुल से गंगनहर में छलांग लगा दी थी। सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए थे। पहले स्थानीय गोताखोरों की मदद से तलाश की गई लेकिन युवक का पता नहीं चल सका। इसके बाद परिजनों की मांग पर पुलिस ने पीएसी के गोताखोरों को बुलाया। मंगलवार को भी टीम ने सरधना पुल से नानू पुल तक गंगनहर में स्टीमर के माध्यम से सघन तलाशी अभियान चलाया। देर शाम तक भी कोई सफलता नहीं मिली।
सीओ आशुतोष कुमार ने बताया कि युवक की तलाश के लिए अभियान लगातार जारी है। पीएसी के गोताखोरों की टीम सरधना से नानू पुल तक तलाशी अभियान में लगे हुई है। डूबे युवक को जल्द तलाश लिया जाएगा।