मेरठ के एक प्राईवेट हॉस्पिटल से डायटीशियन विषय में इंटर्नशिप कर रही एक छात्रा की विषाक्त पदार्थ खाने से मौत हो गई। परिजनों ने हॉस्पिटल की दो सीनियर छात्राओं पर टॉर्चर करने का आरोप लगाया है।
शामली के काका नगर निवासी दीक्षा तायल (22) पुत्री राजकुमार तायल शहर के एक प्राइवेट हॉस्पिटल से डायटीशियन विषय में इंटर्नशिप कर रही थी। वह शंकरपुरी ब्रह्मपुरी में अपने मौसा के यहां रहती थी। 14 अप्रैल को उसने विषाक्त पदार्थ खा लिया था। गंभीर हालत में उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार शाम उसकी मौत हो गई। सूचना पर हॉस्पिटल पहुंची ब्रह्मपुरी पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
दीक्षा के परिजनों ने आरोप लगाया कि हॉस्पिटल की दो सीनियर छात्राएं दीक्षा को टॉर्चर कर रही थी। बात-बात पर उसे परेशान किया जाता था। जिससे वह काफी डिप्रेशन में थी। 14 अप्रैल को जब वह हॉस्पिटल से आई थी तो वह काफी परेशान थी। पूछने पर उसने ये वजह बताई थी। मेरठ निवासी रिश्तेदारों का दावा है कि मौत से पहले पुलिस ने हॉस्पिटल में दीक्षा के बयान लिए थे। जिसमें भी उसने दोनों सीनियर पर आरोप लगाए थे। उन्होंने पुलिस को तहरीर दी थी। इंस्पेक्टर ब्रह्मपुरी दिनेश सिंह ने बताया कि छात्रा के बयान देने संबंधी कोई जानकारी नहीं है। कोई तहरीर या शिकायत अभी नहीं मिली है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।