दौराला - रुहासा गांव में बारिश से गिरा लिंटर। स्रोत : ग्रामीण
दौराला। रुहासा गांव में बृहस्पतिवार को आबिद के मकान की छत भरभराकर गिर गई। गनीमत यह रही कि उस दौरान मकान के भीतर कोई नहीं था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। मकान के मलबे में घर का सामान दबने से पीड़ित को लाखों का नुकसान हो गया।
आबिद के अनुसार वह नाई का कार्य कर अपने परिवार का भरण पोषण करता है। बताया कि मकान की दूसरी मंजिल पर कमरे बने हुए हैं, जिसकी छत कच्ची है। दो दिन से हो रही बारिश के कारण बृहस्पतिवार को ऊपरी मंजिल की छत व दीवार गिर गई। इस कारण पहली मंजिल के लिंटर पर वजन अधिक होने से वह भी भरभराकर गिर गया। तेज आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर दौड़े। परिवार के लोगों को सही सलामत देख ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। ग्रामीणों ने मलबा हटाकर सामान निकालने का प्रयास किया, परंतु काफी सामान नष्ट हो गया। मलबे में घर का सामान नष्ट होने से पीड़ित को लाखों का नुकसान हो गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से आबिद को उचित मुआवजा दिए जाने की मांग की है।