माछरा। मेरठगढ़ मार्ग पर हसनपुर का दिन पुलिस चौकी के पास गढ़ों में भर पानी
माछरा। पीडब्ल्यूडी की अनदेखी के कारण मेरठ-गढ़ पर गांव हसनपुर कदीम में पुलिस चौकी के पास सड़क टूटकर गड्ढों में बदल गई है। गड्ढों में बारिश व गांव के नालियों का पानी भर जाने से सड़क खतरनाक हो गई है। वाहन चालकों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। अब ग्रामीणों को पैदल निकलना तक मुश्किल हो रहा है।
गड्ढों में पानी भरा होने के कारण उनकी गहराई का अनुमान भी वाहन चालक नहीं लगा पा रहे हैं जिससे दोपहिया वाहन चालक अक्सर गिरकर दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार यह मार्ग पीडब्ल्यूडी के अधीन है। इस पर गड्ढों की समस्या काफी दिनों से बनी हुई है। विभाग ने शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की। यह मार्ग मेरठ-गढ़-करनाल को जोड़ता है। इस पर सैकड़ों हल्के-भारी वाहन प्रतिदिन गुजरते हैं। गड्ढों की स्थिति पुलिस चौकी के आसपास बदतर बनी हुई है। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के समय समाजसेवी व भाजपा नेता अहलकर सिंह नागर ने निजी खर्च पर इन गड्ढों को रोड़ी-डस्ट-सीमेंट से भरवाया था परंतु इसके बाद अब फिर से गड्ढे बन गए हैं। ग्रामीण मोहित, मनोज आदि ने शीघ्र गड्ढों को भरने की मांग की है जिससे दोपहिया वाहन चालकों को दुर्घटना का सामना न करना पड़े।