दबखेड़ी के समीप शेरपुर जाने वाले मार्ग के सालों से दुरुस्त न होने पर टूटे रास्ते पर भरे पानी मे
हस्तिनापुर। खादर क्षेत्र में आज भी वर्षों पूर्व टूटी कई ऐसी सड़के हैं, जहां पर सरकार के दावों की पोल खुल रही है। ग्रामीण इन क्षतिग्रस्त सड़कों पर चलने को मजबूर हैं। लगातार मांग के बावजूद इन सड़कों का निर्माण नहीं हो रहा है। ऐसी ही एक सड़क पर जलभराव के कारण सपा कार्यकर्ताओं ने पहुंचकर धान की पौध की रोपाई करते हुए विरोध-प्रदर्शन किया।
गांव दबखेड़ी से शेरपुर हंसापुर को जाने वाला मार्ग वर्षों से क्षतिग्रस्त है। इस मार्ग पर चलना ग्रामीणों के लिए मुश्किलों भरा बना हुआ है। रविवार को सपा नेता किशोर वाल्मीकि कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि इस मामले में कई बार उन्होंने पीडब्ल्यूडी विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की, परंतु आज तक मार्ग को दुरुस्त नहीं किया जा सका। सपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि भाजपा के शासन में भले ही सड़कों का जाल बिछाया जा रहा हो, परंतु ग्रामीण क्षेत्रों में आज भी लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सपा नेता ने कहा कि सरकारी प्राइमरी स्कूल में भी जलभराव हो रहा है। इससे बच्चों काे स्कूल आने-जाने में परेशानी हो रही है।
सपा नेता किशोर वाल्मीकि के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सड़क पर धान रोपकर विरोध-प्रदर्शन किया और तत्काल सड़क निर्माण की मांग की। उन्होंने बताया कि खादर क्षेत्र के लोगों का यह मुख्य मार्ग है, जो आधा दर्जन गांवों को जोड़ता है। उन्होंने सरकार से तत्काल प्रभाव से सड़क बनाए जाने की मांग की। इस मौके पर सरदार नरवेर, सुरेश कुमार, रणजीत सिंह, बल्ले सिंह, संदीप, गौतम, राहुल जाटव, नैमुद्दीन आदि मौजूद रहे।